Sunday, October 11, 2026
HomePunjabप्रदेश की मंडियों में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा...

प्रदेश की मंडियों में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा- लाल चंद कटारूचक

फतेहगढ़ साहिब, 6 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक ने आज अनाज मंडी सरहिंद में चल रही धान की सरकारी खरीद का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने गांव खेड़ा के किसान श्री गुरसेवक सिंह की फसल की खरीद करवाई और संबंधित अधिकारियों को खरीदी गई फसल की अदायगी 24 घंटे के भीतर किसानों के खातों में जमा करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद और मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन अमरिंदर सिंह मंडोफल भी मौजूद थे।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब तक पंजाब की मंडियों में 6 लाख 30 हजार मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से राज्य की विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 5 लाख 70 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अब तक खरीदे गए धान की 781 करोड़ रुपये की अदायगी किसानों के खातों में की जा चुकी है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य भर में धान की खरीद को सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के स्पष्ट निर्देश हैं कि खरीद सीजन के दौरान किसानों, आढ़तियों, मिलरों, मजदूरों सहित खरीद से जुड़े किसी भी पक्ष को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय पूल के लिए पंजाब को मिले 180 लाख मीट्रिक टन धान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं और यह लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारदाने की 5 लाख गांठें उपलब्ध हैं तथा खरीद के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 42,786 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा पहले ही मंजूर की जा चुकी है।

श्री लाल चंद कटारूचक ने किसानों से कहा कि वे किसी भी तरह की चिंता या आशंका न रखें, क्योंकि पंजाब सरकार द्वारा किसानों की पूरी फसल की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार मंडी में आने वाला एक-एक दाना खरीदा जाएगा और किसानों को समय पर भुगतान किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल की बिक्री के समय उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर एडवोकेट कंवरवीर सिंह राय, हलका यूथ प्रधान दिलप्रीत भट्टी, हलका संगठन प्रभारी मोहित सूद, सरपंच सतनाम सिंह खड़ौड़ा, सतवीर जल्ला, कुलविंदर डेरा, बलजिंदर काका, संदीप सिंह भल्ल माजरा, तरसेम उप्पल, राजेश उप्पल, सतीश लटौर, एफ.एस.ओ. केवल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments