Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaश्रुति चौधरी की अधिकारियों को हिदायत: मंडी में गेट पास से लेकर...

श्रुति चौधरी की अधिकारियों को हिदायत: मंडी में गेट पास से लेकर फसल भुगतान तक किसानों को न हो कोई परेशानी

हरियाणा , 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों को गेट पास से लेकर फसल खरीद, माप-तोल, उठान और फसल की कीमत के भुगतान तक किसी भी स्तर पर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज भिवानी अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद और किसानों के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में एक किसान के गेट पास की बायोमेट्रिक प्रक्रिया स्वयं करवाकर पूरी व्यवस्था की जांच की।

उन्होंने मंडी में फसल में नमी की जांच, खरीद प्रक्रिया और अन्य प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री ने मंडी में बिजली और पीने के पानी की उचित व्यवस्था बनाए रखने तथा शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद सीजन के दौरान कैंटीन नियमित रूप से चलाने और किसानों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के लिए कहा।

उन्होंने अधिकारियों को मंडी के प्रबंधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा और सुचारू फसल खरीद सरकार की प्राथमिकता है तथा मंडियों में खरीद प्रक्रिया से जुड़े हर स्तर पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments