संबंधित अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर विस्तार से जानकारी ली, लंबित शिकायतों का निपटारा अगली बैठक से पहले सुनिश्चित किया जाए – खद्दरी
हरियाणा, 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (शिकायत एवं निवारण) श्री भूपाल सिंह खद्दरी ने महिला एवं विकास विभाग तथा खेल विभाग की सी.एम. विंडो और जनसंवाद में आई समस्याओं को लेकर नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि इन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी तत्परता से कार्य करें, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि सी.एम. विंडो और जनसंवाद में आने वाली समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं मॉनिटरिंग एवं निगरानी कर रहे हैं। इसलिए अधिकारी ऐसी समस्याओं को गंभीरता से लें और उनकी ए.टी.आर. (एक्शन टेकन रिपोर्ट) भी निर्धारित समय पर दाखिल करना सुनिश्चित करें, ताकि पोर्टल पर शिकायतों का निपटारा लंबित न रहे।
खेल विभाग से संबंधित समस्याओं की समीक्षा करते हुए श्री भूपाल सिंह खद्दरी ने संबंधित अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर विस्तृत जानकारी ली। अंबाला के शमशेर सिंह द्वारा ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी करवाने का अनुरोध किया गया था। विभाग द्वारा उसी समय पांच अन्य खिलाड़ियों को ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए, लेकिन शमशेर सिंह को प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। फोन पर जानकारी लेने के दौरान विशेष अधिकारी को बताया गया कि उनके मामले में संबंधित अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू की जा रही हरिहर योजना के संबंध में भी आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाए। हरिहर योजना हरियाणा सरकार की एक अनूठी और संवेदनशील पहल है, जिसे बेसहारा, अनाथ और आत्मसमर्पण किए गए बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा एवं रोजगार के लिए शुरू किया गया है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को सहायता देने के अलावा ग्रुप-सी और ग्रुप-डी की नौकरियों में प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है। पात्र युवाओं को इस योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी युवा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में खेल विभाग और अन्य विभागों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसलिए बेहतर कार्य करने वाले नोडल अधिकारियों को मुख्यमंत्री की ओर से प्रशंसा पत्र दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की छात्रवृत्ति से संबंधित मामलों में भी अधिकारी तत्परता से कार्य करें, ताकि किसी भी खिलाड़ी की छात्रवृत्ति लंबित न रहे। उन्होंने मोतीलाल नेहरू स्कूल से संबंधित सीएम विंडो शिकायत का भी जल्द निवारण करने के निर्देश दिए।
श्री खद्दरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और अन्य सहायता देने के मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत कर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। इस मामले में मनदीप कोच को वित्तीय लाभ दिया जा चुका है। इसके अलावा पैरा-एथलेटिक खिलाड़ी को ओएसपी कोटे के तहत लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास जारी हैं।
उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निपटारा इस बैठक से पहले तक नहीं हुआ है, उनका समाधान अगली बैठक से पहले सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक दो सप्ताह में आयोजित की जाएगी।





