Saturday, October 10, 2026
HomeNationalजेवर एयरपोर्ट का नाम होगा ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा-जेवर’, योगी कैबिनेट...

जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा-जेवर’, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

लखनऊ, 9 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नोएडा के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि हवाई अड्डे का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ रखने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की फैसले की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर में विकसित हो रहा यह हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। राज्य सरकार के अनुसार, भविष्य में यह प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा और देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल हो सकता है। कैबिनेट ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की भी सराहना की।

28 मार्च को हुआ था उद्घाटन, 15 जून से शुरू हुईं उड़ानें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था। इसके बाद 15 जून 2026 को यहां से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हुआ। इंडिगो एयरलाइन इस हवाई अड्डे से नियमित वाणिज्यिक उड़ान शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनी। इसकी पहली उड़ान लखनऊ से यात्रियों को लेकर जेवर पहुंची थी।

दिल्ली-एन.सी.आर. को मिलेगा अतिरिक्त हवाई संपर्क

गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में स्थित यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के विमानन नेटवर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसका लक्ष्य दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाना है।

परियोजना के पहले चरण में एक रनवे और यात्री टर्मिनल बनाया गया है, जिसकी वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों की है। दीर्घकालीन योजना के तहत हवाई अड्डे का विस्तार कर वर्ष 2050 तक इसकी क्षमता लगभग सात करोड़ यात्रियों सालाना तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद जेवर एयरपोर्ट का नया नाम चर्चा में है। यह हवाई अड्डा आने वाले वर्षों में दिल्ली-एनसीआर के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था, व्यापार और पर्यटन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments