नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्षी इंडिया गठबंधन ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गठबंधन के सांसदों को शुक्रवार रात आठ बजे मुलाकात का समय दिया है। विपक्षी सांसद इस दौरान मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताएं राष्ट्रपति के समक्ष रख सकते हैं।
राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले विपक्षी सांसद शुक्रवार दोपहर तीन बजे संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक करेंगे। इसमें राष्ट्रपति से मिलने की तैयारियों के साथ-साथ आगामी विरोध प्रदर्शनों की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के अनुसार, इंडिया गठबंधन ने राष्ट्रपति से मिलने के लिए पहला अनुरोध पत्र दो अक्तूबर को भेजा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने मुलाकात में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे। गठबंधन ने पांच अक्तूबर को दोबारा पत्र भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्तूबर को मुलाकात का समय मांगा था।
विपक्षी दल एसआईआर की प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। गठबंधन ने पिछले सप्ताह इस मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना तैयार की थी, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था।
अब राष्ट्रपति के साथ होने वाली बैठक को विपक्ष की आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।





