नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। संभावित भारी ट्रैफिक जाम को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। इस फैसले का असर 9 और 10 अक्टूबर को यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली तथा 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी।
रेलवे ने यह कदम दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास संभावित यातायात बाधाओं को ध्यान में रखते हुए उठाया है। हालांकि, यात्रियों को अपनी ट्रेन से संबंधित स्थिति की अलग से पुष्टि करने की सलाह दी जाती है।
दूसरी ट्रेन, बस या फ्लाइट पकड़ने वालों को हो सकती है परेशानी
ट्रेनों के रद्द होने से उन यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हो सकती है, जिन्होंने दिल्ली पहुंचकर दूसरी ट्रेन, बस या फ्लाइट पकड़नी है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जांच कर लेनी चाहिए।
घर से निकलने से पहले ऐसे करें ट्रेन की जांच
यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES (National Train Enquiry System) के माध्यम से अपनी ट्रेन की ताजा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेन रद्द होने, समय में बदलाव या मार्ग परिवर्तन की स्थिति में यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी जाती है।
यात्रियों के लिए सलाह: रेलवे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर डालकर उसकी स्थिति जरूर जांचें, ताकि अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके।





