पटियाला, 15 अक्टूबर 2026 (हर्षलीन सिंह): खराब मौसम के बावजूद आश्विन मास के पांचवें नवरात्र के अवसर पर पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य रहा। आज लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में नतमस्तक होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु माथा टेकने के लिए मंदिर पहुंचते रहे। मंदिर के नवीनीकरण के बाद श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं के प्रति भी विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर की सलाहकार प्रबंधकीय समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
मंदिर में माथा टेकने पहुंचे श्रद्धालुओं ने माल रोड से मंदिर तक उपलब्ध करवाई जा रही मुफ्त ई-रिक्शा सेवा की सराहना की। इस सेवा से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही मंदिर के नवनिर्मित लंगर हॉल में भी श्रद्धालुओं की भारी आमद देखने को मिली।
माता रानी के दरबार में नतमस्तक होने पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंगर हॉल में बैठकर लंगर ग्रहण किया। लंगर हॉल में किए गए प्रबंधों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाई गई व्यवस्थाओं के प्रति भी लोगों में संतुष्टि देखने को मिली। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर में लंगर सेवा ने सेवा, श्रद्धा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आमद और लंगर के प्रति उनका उत्साह माता रानी के प्रति उनकी अटूट आस्था को दर्शाता रहा।
मंदिर की सलाहकार प्रबंधकीय समिति के चेयरमैन महेश मित्तल, सीए अजय अलीपुरिया, डॉ. राज कुमार गुप्ता और संजय सिंगला ने बताया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माल रोड पर प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक माता की चौकी सजाई जाती है। इस दौरान भजनों के माध्यम से माता रानी का गुणगान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा माता श्री काली देवी मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को मंदिर का और अधिक विशाल एवं भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब तक पूरे किए गए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
खराब मौसम के बावजूद मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद ने नवरात्र के प्रति उनकी अटूट आस्था और श्रद्धा को प्रदर्शित किया।






