Saturday, October 17, 2026
HomeHaryanaहरियाणा सरकार के दो साल उपलब्धियों से भरे रहे, विकास के मामले...

हरियाणा सरकार के दो साल उपलब्धियों से भरे रहे, विकास के मामले में प्रदेश कांग्रेस की कल्पना से भी आगे बढ़ा – डॉ. अरविंद शर्मा

हरियाणा , 17 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सहकारिता, जेल, पर्यटन, विरासत एवं चुनाव मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के दो वर्षों के सफल कार्यकाल को उपलब्धियों, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित बताते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था, समान विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य किए गए हैं, जिनकी कल्पना कांग्रेस अपने शासनकाल में भी नहीं कर सकी।

भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के सिद्धांत पर युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर योग्यता और मेहनत का सम्मान सुनिश्चित किया है। इससे युवाओं का व्यवस्था में विश्वास मजबूत हुआ है और सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता की नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। विकास कार्यों में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान हरियाणा ने विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना ही नहीं, बल्कि उनका लाभ आम नागरिक तक पहुंचाना भी है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास रैलियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जा रहा है और स्थानीय जरूरतों के अनुसार नए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर मनाने की पहल ने समाज को उनकी शिक्षाओं और योगदान से जोड़ने का काम किया है। संत-महात्माओं ने समानता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाना संकल्प

गोहाना के विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें जो प्यार, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसका ऋण विकास कार्यों के माध्यम से चुकाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा और इसके लिए विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़कों, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गोहाना क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों और मांगों को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है। सरकार के सहयोग से विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और हर क्षेत्र तक पहुंचे। गोहाना के किसी भी गांव या वार्ड को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा और स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार और जनता के बीच एक मजबूत कड़ी बनकर काम करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ सही समय पर सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसलिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और पात्र परिवारों को इनका लाभ प्राप्त करने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार सेवा, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार का लक्ष्य समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बल पर हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments