Thursday, November 5, 2026
HomeHaryanaसिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के प्रयासों से लोहारू नहर की टेल तक...

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के प्रयासों से लोहारू नहर की टेल तक पहुंचा पानी

किसानों की शिकायत पर सिंचाई मंत्री ने तुरंत लिया संज्ञान, अधिकारियों को समस्या के समाधान के दिए थे निर्देश

लोहारू , 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी के प्रयासों से लोहारू नहर की टेल (अंतिम छोर) तक पानी पहुंच गया है। किसानों की सिंचाई संबंधी समस्या की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए थे। इसके परिणामस्वरूप विभाग ने आवश्यक कदम उठाते हुए नहर की टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया।

उल्लेखनीय है कि लोहारू नहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण कुशलपुरा सहित विभिन्न गांवों के किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी थी और खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की थी।

किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए श्रीमती श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को जल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप नहर की टेल तक पानी पहुंच गया है।

विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया है कि नहर में पीछे से पानी की चोरी सहित जल आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को ढाई दिन अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया गया है।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों में पानी के उचित वितरण की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पानी अंतिम छोर तक किसानों के खेतों में पहुंचे। किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए, ताकि उन्हें कृषि कार्यों में परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने और सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments