पंजाब, 22 अक्टूबर, 2026 (जगजीत सिंह): पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ हाल ही में सोशल मीडिया पर लाइव आए, जहां उन्होंने प्रशंसकों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान पंजाब में नशे की समस्या और सामाजिक हालात को लेकर भी चर्चा हुई। परविंदर सिंह झोटा की हत्या का जिक्र आने पर दिलजीत भावुक नजर आए और उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलने की कामना की।
नशे के खिलाफ गीत बनाने की मांग पर क्या बोले दिलजीत?
लाइव सेशन के दौरान कुछ प्रशंसकों ने दिलजीत से पंजाब में नशे की समस्या के खिलाफ गीत बनाने की अपील की। इस पर उन्होंने कहा कि नशे के मुद्दे पर पहले से ही कई अच्छे और संदेश देने वाले गीत मौजूद हैं। उनके मुताबिक, किसी एक कलाकार का गीत रातोंरात समाज में बड़ा बदलाव नहीं ला सकता। उन्होंने इस विषय पर पहले काम कर चुके कलाकारों के प्रयासों की भी सराहना की।
परविंदर सिंह झोटा का जिक्र होते ही भावुक हुए गायक
लाइव बातचीत के दौरान जब एक प्रशंसक ने परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मुद्दा उठाया, तो दिलजीत भावुक हो गए। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परविंदर जिस मुद्दे को उठा रहे थे, वह किसी निजी लड़ाई तक सीमित नहीं था, बल्कि एक बड़े सामाजिक उद्देश्य से जुड़ा था।
परिवार को इंसाफ मिलने की जताई उम्मीद
दिलजीत ने परविंदर सिंह झोटा को ‘शहीद’ का दर्जा दिए जाने संबंधी श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के फैसले की सराहना की। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि सभी को उनके लिए इंसाफ की अरदास करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा पंजाब परिवार के साथ खड़ा है और वे भी उनके साथ हैं।
दिलजीत के इस लाइव सेशन की क्लिप सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं। पंजाब से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर उनकी टिप्पणियों को लेकर प्रशंसक प्रतिक्रिया दे रहे हैं।






