Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई मजबूती –...

हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई मजबूती – स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

विभिन्न निर्माण कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी की सौगात

हरियाणा, 23 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत लगभग 423.48 लाख रुपये की लागत से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के नए भवनों और बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है।

इस पहल का उद्देश्य उन उप-स्वास्थ्य केंद्रों को मानक एवं आधुनिक भवन उपलब्ध करवाना है, जो वर्तमान में बिना भवन के चल रहे हैं या पंचायत भवनों और अन्य इमारतों में संचालित हो रहे हैं।

आरती सिंह राव ने बताया कि इस योजना के तहत भिवानी जिले के गांव राजगढ़ और कलिंगा-द्वितीय, पलवल जिले के गांव मंगोरका और गदपुरी तथा जींद जिले के गांव देवराड़ और ढरौली में स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सिरसा जिले के रानियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीपीएचयू (BPHU) के लिए जमीन की भराई और इंटरलॉक पेवमेंट ब्लॉक लगाने के कार्य भी शामिल हैं।

इन सभी उप-स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक मानव संसाधन पहले से उपलब्ध हैं और ये पूरी तरह कार्यरत हैं। अब इन्हें वास्तुकला विभाग द्वारा भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों (IPHS) 2022 के अनुसार तैयार किए गए 187.60 वर्ग मीटर के मानक डिजाइनों के आधार पर स्थायी और आधुनिक भवन उपलब्ध करवाए जाएंगे।

इसके अलावा, नूंह जिले के गांव साकरस में एक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के निर्माण को भी राज्य सरकार ने मंजूरी दी है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए बजट में आवश्यक प्रावधान भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments