कुरुक्षेत्र, 23 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना (टेक्नोलॉजी मिशन ऑन शुगरकेन) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना किसान मेकनिजम इन शुगरकेन इम्प्लीमेंट चलाई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य गन्ना किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा गन्ने की खेती को अधिक सुविधाजनक एवं लाभकारी बनाना है।
डीडीए डा. गिरीश नागपाल ने कहा कि योजना के तहत गन्ने की फसल में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इनमें पावर ऑपरेटेड गन्ना सेट ट्रीटमेंट डिवाइस (30 से 120 लीटर क्षमता), पावर वीडर (5 एचपी से कम एवं 7.5 बीएचपी तक), गन्ना रेटून मैनेजर, वाइड-रो रिजर/रिजर, रोटावेटर (4 फीट), ट्रैक्टर चालित स्प्रेयर, सब-सॉयलर/चिसलर, गन्ना कटर/स्ट्रिपर/प्लांटर तथा मिनी ट्रैक्टर शामिल है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान इस योजना के तहत अनुदान प्राप्त करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें और योजना का लाभ उठाएं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता की शर्तें तथा आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसान आवेदन करने से पहले योजना के नियमों एवं शर्तों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर ले।






