फरीदाबाद, 24 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी के संकल्प को साकार करने वाले मेहनतकश लोगों, कारीगरों और कलाकारों को नया बाजार उपलब्ध कराने का एक सार्थक प्रयास है। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे ग्राहकों तक पहुंचाना और कारीगरों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा, तो कारीगरों को नए ग्राहक मिलेंगे और उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड में दिवाली मेले के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मेले में आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत करते हुए उन्हें करवा चौथ, अहोई अष्टमी, धनतेरस, दिवाली, विश्वकर्मा पूजन, गोवर्धन पूजन, भाई दूज और छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित यह मेला भारतीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों के खान-पान की विविधता को प्रदर्शित करेगा। यहां आने वाले परिवार देश की समृद्ध परंपराओं को करीब से जान सकेंगे और कारीगरों एवं शिल्पकारों के उत्पाद खरीदने का अवसर भी प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ को जनभागीदारी से जोड़ना आवश्यक है। इसमें गांवों के कुम्हारों, बुनकरों, बढ़ई, छोटे दुकानदारों और महिला उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सूरजकुंड का दिवाली मेला इस भागीदारी को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि दिवाली की सबसे सुंदर रोशनी वह है, जो हमारे घर के साथ-साथ किसी मेहनतकश परिवार के घर को भी रोशन करे। त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीदने से उनके परिवारों की आजीविका को सहारा मिलता है। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से कारीगरों को अपना अगला काम शुरू करने की ताकत मिलती है, कच्चा माल खरीदने में मदद मिलती है और उनके साथ काम करने वाले अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी को अपनाने का अर्थ अपने देश की प्रतिभा पर विश्वास करना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना है। भारत में बने अच्छे उत्पादों को अपने जीवन में स्थान देकर हम अपने कारीगरों के कौशल और मेहनत का सम्मान कर सकते हैं। घर की सजावट, पहनावे और त्योहारों के उपहारों में भारतीय हस्तशिल्प को प्राथमिकता देने से कारीगरों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने उत्पादों को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर सांझा बाजार स्थापित किए जा रहे हैं। मार्केटिंग और ब्रांडिंग में सहयोग देने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाए गए हैं। अब तक प्रदेश में 10 सांझा बाजार बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ‘स्वापन डिजिटल ग्राम बाजार पोर्टल’ और ‘सांझा बाजार सेल्स पोर्टल’ शुरू किए गए हैं। इन पोर्टलों पर पंजीकरण करवाकर कारीगर और स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद ऑनलाइन बेच सकते हैं। ऑनलाइन बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के सशक्तिकरण का एक मजबूत माध्यम बनकर उभरे हैं। इन समूहों के उत्पाद प्रदेशभर में अपनी पहचान बना रहे हैं। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब तक 67,641 स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 6 लाख से अधिक परिवारों को जोड़ा जा चुका है। इन समूहों को रिवॉल्विंग फंड और कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड के माध्यम से आसान ऋण के रूप में वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 596 करोड़ रुपये की विभिन्न प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड की राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती सूरजकुंड शिल्प मेले, कुरुक्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और पिंजौर के आम उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों को जोड़ती रही है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पाद लोगों तक पहुंचाने और नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर देते हैं। सूरजकुंड दिवाली मेला भी इसी सांस्कृतिक और आर्थिक जुड़ाव को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने मेले में भाग लेने वाले सभी कारीगरों और पर्यटकों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मेले और उसके आसपास सफाई रखें, खरीदारी के लिए कपड़े का थैला साथ लाएं तथा भोजन और पानी की बर्बादी से बचें। मिट्टी के दीये और टिकाऊ सजावटी वस्तुओं को अपनाकर त्योहारों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने में योगदान दें। बच्चों को भी इन अच्छी आदतों से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।
विरासत एवं पर्यटन मंत्री ने एन.सी.आर. के लोगों से दिवाली मेले में खरीदारी करने की अपील की
हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज सूरजकुंड धार्मिक आस्था के केंद्र से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। इस वर्ष सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का 20 लाख लोगों ने आनंद लिया, जिनमें 50 देशों के पर्यटक भी शामिल थे। इसी तर्ज पर सूरजकुंड दिवाली मेला भी धीरे-धीरे लोगों के दिलों में वही स्थान बना रहा है।
उन्होंने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया कि वे अगले चार दिनों तक यहां लगाई गई 300 दुकानों से दिवाली की खरीदारी करें और मेले का आनंद उठाएं। इससे स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के साथ आगे बढ़ना है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सूरजकुंड हरियाणा और भारत की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने तथा विकसित भारत के सपने को साकार करने का आधार साबित होगा।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि हरियाणा के राखीगढ़ी में पुरातात्विक महत्व वाली साइट पर खुदाई का काम चल रहा है, जिसके माध्यम से 10 हजार वर्ष पुरानी सभ्यता को देखने का अवसर मिल रहा है। राखीगढ़ी के माध्यम से सनातन संस्कृति की झलक देखी जा सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से राखीगढ़ी जाकर हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता को देखने और उस समय के जीवन का अनुभव करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी, पूर्व मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रीटा शर्मा, पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, प्रबंध निदेशक श्री पार्थ गुप्ता, पंकज पूजन रामपाल, विपिन बैंसला, पूर्व विधायक श्री नरेंद्र गुप्ता सहित प्रदेशभर से आए कारीगर, शिल्पकार, कलाकार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






