मुंबई, 26 अक्टूबर, 2026 (जगजीत सिंह): सुपरस्टार रजनीकांत की आगामी फिल्म ‘धर्मन’ में अभिनेत्री नयनतारा की एंट्री हो गई है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए अभिनेत्री का स्वागत किया।
इस फिल्म में रजनीकांत और नयनतारा करीब पांच साल बाद फिर साथ नजर आएंगे। दोनों इससे पहले 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नात्थे’ में दिखाई दिए थे। वे ‘चंद्रमुखी’, ‘कुसेलन’ और ‘दरबार’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं, जबकि कमल हासन इसके निर्माता हैं। नयनतारा की भूमिका और फिल्म की कहानी से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। निर्माताओं ने भी रिलीज की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म को पोंगल 2027 के अवसर पर रिलीज करने की योजना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।






