चंडीगढ़, 26 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण के माध्यम से संसार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराया। उनकी रचना केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि युगों-युगों तक मानवता को जीवन जीने का मार्ग दिखाने वाली अमूल्य कृति है। महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं हमें धैर्य, मेहनत, अटूट विश्वास, करुणा, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देती हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को संत महापुरुष प्रचार-प्रसार योजना के तहत संत कबीर कुटीर में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जी के राज्य स्तरीय जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और प्रदेशवासियों को उनके प्रकटोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिसार में निर्माणाधीन वाल्मीकि छात्रावास के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही छात्रावास के भूमि पूजन के अवसर पर वहां जाएंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ऐसे महान संत थे, जिन्होंने अज्ञानता के अंधकार में ज्ञान का दीप जलाया। कठिन परिस्थितियों में माता सीता जी को अपने आश्रम में आश्रय देने के साथ-साथ उन्होंने उनके पुत्रों को उच्च शिक्षा और संस्कार प्रदान किए। शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व को एक विशिष्ट पहचान मिली। महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन से प्रेरणा मिलती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को धैर्य नहीं खोना चाहिए।
भगवान श्रीराम के जीवन का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनका राज्याभिषेक होने वाला था, तब उन्हें वनवास जाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा और परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए आगे बढ़े। रामायण हमें संदेश देती है कि धैर्य, मेहनत और अटूट विश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने जाति-पाति से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं के प्रति श्रद्धा केवल पूजा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ जन्म, जाति, आर्थिक स्थिति या काम के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ भी इसी भावना को आगे बढ़ाता है। सरकार का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए और हर व्यक्ति सम्मान के साथ आगे बढ़ सके।

अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि जी को सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के साक्षी बने हैं। मंदिर परिसर में महर्षि वाल्मीकि जी, निषादराज और माता शबरी के मंदिर भी बनाए गए हैं। अयोध्या धाम में हवाई अड्डे का नाम भी महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर रखा गया है।
महापुरुषों के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत महापुरुष प्रचार-प्रसार योजना के तहत महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके विचारों और संदेशों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है, ताकि युवा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संत कबीर कुटीर में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है और अगले वर्ष इसे और बड़े स्तर पर मनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना, नीति और निर्णय में महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं तथा उनके दिखाए मार्ग की भावना शामिल है। उनकी करुणा, आत्मसम्मान और मानवता का संदेश सरकार के कार्यों का आधार है।
शिक्षा और युवाओं के लिए सरकार की योजनाएं
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की ओर से अनुसूचित जाति के बच्चों को छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग और छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार का संकल्प है कि धन की कमी के कारण किसी भी बच्चे की प्रतिभा उसके विकास में बाधा न बने। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि सीधे लाभार्थी बच्चों के खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में हाल ही में हुई पुलिस भर्ती के दौरान समाज के 604 युवाओं का हरियाणा पुलिस में चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चे आगे बढ़ रहे हैं और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
अनुसूचित जातियों और सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए आयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जातियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग तथा सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, आत्मसम्मान और क्षमताओं को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है।
प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर किया जा रहा है कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मकान उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। जिन परिवारों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें प्लॉट उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सरकार ने कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति का सम्मान, आत्मसम्मान और उसकी क्षमता सरकार की योजनाओं के केंद्र में है।
जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाने का संकल्प लें
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकटोत्सव पर सभी को जाति-पाति और ऊंच-नीच के हर प्रकार के भेदभाव को मिटाने तथा सामाजिक सद्भाव के सूत्र में बंधकर हरियाणा को विकसित भारत का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के तीन करोड़ लोगों को मिलकर प्रदेश के विकास और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है। यही महर्षि वाल्मीकि जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समाज को सद्भाव और सदाचार का मार्ग दिखाती हैं : कृष्ण लाल पंवार
समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण के माध्यम से समाज को शिक्षा, सत्य, अच्छे कर्मों और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि वह सभी 36 बिरादरियों को साथ लेकर चल रहे हैं और संत-महापुरुषों की जयंती राज्य स्तर पर मनाकर उन्हें सम्मान दे रहे हैं।
मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। डॉ. भीमराव आंबेडकर जी का संदेश था कि पढ़-लिखकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बेटियों की शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने गरीब परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाने की योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना तथा जरूरतमंदों की मदद करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, पूर्व मंत्री श्री विशंभर वाल्मीकि, सफाई आयोग के चेयरमैन श्री ईश्वर सिंह पलाका, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, सफाई आयोग के सदस्य श्री संजीव धारू, श्री चंद्रप्रकाश बोस्ती, पार्षद मनीषा जांगड़ा, श्री अमरनाथ सोदा, जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






