Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaशिक्षा, नवाचार और सामाजिक प्रतिबद्धता के जरिए देश व प्रदेश के विकास...

शिक्षा, नवाचार और सामाजिक प्रतिबद्धता के जरिए देश व प्रदेश के विकास में अहम योगदान दें युवा: राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष

लगभग 190 स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां, राज्यपाल ने विद्यार्थियों को दी सफलता की शुभकामनाएं कहा- विद्यार्थी डिग्री के साथ-साथ ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाएं

कैथल, 28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज के दौर में दुनिया को केवल सवालों के जवाब जानने वाले लोगों की ही नहीं, बल्कि बेहतर सवाल पूछने और नई संभावनाओं की तलाश करने का साहस रखने वाले युवाओं की भी आवश्यकता है। विद्यार्थियों की असली पहचान केवल उनकी डिग्री से नहीं, बल्कि उनकी सोच की गहराई, चरित्र की मजबूती और ज्ञान के मानवीय उपयोग से होती है। इसलिए सभी डिग्रीधारक शिक्षा, नवाचार, उद्यमशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से देश और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इसके साथ ही ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाएं।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मंगलवार को कैथल स्थित आर.के.एस.डी. कॉलेज के 35वें डिग्री वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लगभग 190 स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

डिग्री वितरण समारोह के दौरान उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समारोह एक ओर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव है, वहीं दूसरी ओर उनके जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी है। विद्यार्थियों ने वर्षों के दौरान जो ज्ञान अर्जित किया है, अब उनके सामने अपने विचारों, प्रतिभा और क्षमताओं के माध्यम से दुनिया को बेहतर बनाने का अवसर है। स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और अनुभव को नई सोच तथा सकारात्मक बदलाव में बदलने का प्रयास करना चाहिए।

राज्यपाल प्रो. घोष ने आर.के.एस.डी. कॉलेज की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में लगभग 5,000 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 2,600 छात्राएं शामिल हैं। संस्थान उनके शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को दिया गया ज्ञान, मार्गदर्शन और संस्कार जीवनभर उनकी अमूल्य पूंजी बने रहेंगे। शिक्षकों के विचार, व्यवहार और आदर्श विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1954 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा आर.के.एस.डी. कॉलेज हरियाणा के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। विशेष रूप से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर प्रदान करने में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि प्रदेश का कोई भी विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के अवसर से वंचित न रहे।

अपने संबोधन के अंत में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से हरियाणा को विकसित राज्य बनाने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्ञान, नवाचार, कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता के माध्यम से ऐसा भविष्य तैयार करना होगा, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचे और सभी को समान अवसर, सम्मान तथा समृद्धि प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर राष्ट्रीय विद्या समिति के अध्यक्ष अश्विनी शोरवाला, समिति के पूर्व अध्यक्ष सतीश बंसल, साकेत मंगल और अनिल शोरवाला, उपाध्यक्ष महेश मंगल और श्याम बंसल, महासचिव पंकज बंसल, नगर पार्षद रोहन मित्तल, कोषाध्यक्ष अशोक मंगल, गवर्निंग बॉडी के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल और उप-प्राचार्य डॉ. राजबीर पराशर, नवनीत गोयल, अरुण सर्राफ, डॉ. सी.बी. सैनी सहित शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments