जाखल मंडी, 29 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): डी.ए.वी. नेशनल गेम्स 2026 के अंतर्गत 24 से 26 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा, एनसीआर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल जाखल मंडी के चार विद्यार्थियों ने भाग लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में दो लड़कों और दो लड़कियों सहित कुल चार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थी जतिन शर्मा सुपुत्र श्री आनंद शर्मा ने अपने भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों में शगुनप्रीत सुपुत्री श्री राजू सिंह, रुपिंदरदीप कौर सुपुत्री श्री जितेंदर सिंह और साहिल सुपुत्र श्री अमनदीप सिंह शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय की प्राचार्या कविता शर्मा ने जतिन शर्मा को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी तथा अन्य प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और परिश्रम की भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेना विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव है, जो उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाडियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






