कुरुक्षेत्र 29 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से असाइनमेंट जमा करने की सुविधा शुरू की है। इस व्यवस्था के अंतर्गत मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों में नामांकित पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने असाइनमेंट जमा कर सकेंगे। असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक सेवाओं को अधिक सरल, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की यह सुविधा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, क्योंकि इसके माध्यम से वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने असाइनमेंट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। साथ ही, असाइनमेंट जमा करने की पावती प्राप्त करने और मूल्यांकन की स्थिति जानने में भी सुविधा होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए अपने पाठ्यक्रमों से संबंधित असाइनमेंट समय रहते जमा करें। विद्यार्थी विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या अथवा अन्य असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पात्र विद्यार्थियों को अपने इग्नू समर्थ (समर्थ पोर्टल ) विद्यार्थी खाते में लॉगिन करके कोर्सवार असाइनमेंट जमा करने होंगे। असाइनमेंट अपलोड करते समय निम्नलिखित निर्देशों का विशेष रूप से ध्यान रखना आवश्यक है, जिसमें असाइनमेंट के उत्तर हस्तलिखित होने चाहिए, प्रत्येक कोर्स के सभी उत्तरों को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन करके अपलोड करना होगा, प्रत्येक पीडीएफ फाइल का आकार 20 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए, असाइनमेंट के पहले पृष्ठ पर विद्यार्थी का नाम, नामांकन संख्या, अध्ययन केन्द्र कोड, पाठ्यक्रम कोड, क्षेत्रीय केंद्र का कोड एवं नाम तथा ई-मेल पता स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपलोड करने से पहले विद्यार्थी यह सुनिश्चित करें कि असाइनमेंट उनके संबंधित कार्यक्रम, पाठ्यक्रम और सत्र के लिए निर्धारित है। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन विद्यार्थियों ने संबंधित पाठ्यक्रम का असाइनमेंट पहले ही उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें उसे दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है। जिन विद्यार्थियों ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए संबंधित असाइनमेंट की हार्ड कॉपी पहले ही अपने अध्ययन केन्द्र अथवा क्षेत्रीय केन्द्र में जमा कर दी है, उन्हें उसी असाइनमेंट को ऑनलाइन दोबारा अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।






