मुंबई, 31 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): बॉलीवुड के चर्चित निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई। फिल्ममेकर और FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की पुष्टि की।
अशोक पंडित ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें शानदार कहानीकार और जुनूनी फिल्ममेकर बताया। उन्होंने कहा कि संजय गुप्ता का असमय जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। उनके अंतिम संस्कार की जानकारी बाद में साझा किए जाने की बात कही गई।
23 अक्टूबर को ही संजय गुप्ता ने अपना 57वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी चर्चित फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।
अभिनेता संजय दत्त के साथ भी उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया। क्राइम, एक्शन और शहरी पृष्ठभूमि वाली कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता को बाइक राइडिंग का भी काफी शौक था। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है।






