फतेहाबाद, 31 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं नगर परिषद वाइस चेयरमैन सविता टूटेजा ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को गुमराह करने के लिए एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर बेवजह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
सविता टूटेजा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की एक आवश्यक प्रक्रिया है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही होना बेहद जरूरी है। एसआईआर का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का अधिकार छीनना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है और इस अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। विपक्ष को संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने के बजाय जनता के बीच सही जानकारी पहुंचानी चाहिए। बिना तथ्यों के आरोप लगाना और लोगों में भय का माहौल पैदा करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुकूल नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध है। विपक्ष को भी राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाली प्रक्रियाओं का सहयोग करना चाहिए।






