मंडी गोबिंदगढ़/फतेहगढ़ साहिब, 01 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा जिले के ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों मंडी गोबिंदगढ़ के वार्ड नंबर 21 और गांव कोटला बजवाड़ा में विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने बताया कि इन शिविरों में प्रत्येक स्थान से लगभग 30 से 40 युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शिविरों के दौरान खेल विभाग के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को विभिन्न खेलों का प्रारंभिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ फिटनेस ट्रेनिंग और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर युवाओं को खेल विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, जिनमें खेल विंग, खेल नर्सरियां और स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप योजनाएं शामिल हैं, के बारे में भी विस्तारपूर्वक अवगत करवाया गया, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बेहतर बना सकें। इसके अलावा गांव कोटला बजवाड़ा में युवाओं को खेल गतिविधियां जारी रखने के लिए वॉलीबॉल किट भी उपलब्ध करवाई गई।
डिप्टी कमिश्नर ने आशा व्यक्त की कि ऐसे प्रयासों से युवा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर खेल प्रेमी और गांववासी भी उपस्थित थे।






