अमलोह/फतेहगढ़ साहिब, 3 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अमलोह विधानसभा क्षेत्र के नशा प्रभावित हॉटस्पॉट गांव घुटिंड में नशा विरोधी जागरूकता एवं मेडिकल कैंप लगाया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीनियर मेडिकल ऑफिसर, चनारथल कलां श्री सुरिंदर सिंह ने बताया कि कैंप के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। इसके अलावा गांववासियों को कोटपा (COTPA) एक्ट 2003 के दिशा-निर्देशों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने, तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान तथा इस कानून का पालन करने संबंधी जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. स्वर्णजीत सैरी, अवतार सिंह (सीएचओ), सुरिंदर सिंह (बीईई), हरमिंदरपाल, हरदीप सिंह, बेअंत कौर, राजविंदर सिंह, बलजीत कौर, सरबजीत कौर तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।






