मोहाली, 05 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के मोहाली स्थित सीनियर बलबीर सिंह अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 9वीं हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत और जापान ने जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को एकतरफा अंदाज में 8-1 से शिकस्त दी, जबकि जापान ने कड़े मुकाबले के बाद पेनल्टी शूटआउट में मलेशिया को 5-3 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। अब दोनों टीमें गुरुवार शाम 7 बजे ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।
भारत का शानदार प्रदर्शन, दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराया
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाए रखा। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह और लाकड़ा सिलानंद ने दो-दो गोल किए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, विवेक प्रसाद सागर और अंगदवीर सिंह ने एक-एक गोल दागा।
भारत ने मैच के चौथे मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद नौवें, 13वें, 21वें मिनट में दो गोल, 25वें, 36वें और 54वें मिनट में गोल करके अपनी बढ़त को 8-1 तक पहुंचा दिया। दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र गोल हांग संगजुन ने नौवें मिनट में किया।
भारतीय खिलाड़ी दिलप्रीत सिंह को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें यह सम्मान ओलंपियन अजीतपाल सिंह, जफर इकबाल और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदारा सिंह ने प्रदान किया।
जापान ने पेनल्टी शूटआउट में मलेशिया को दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में जापान और मलेशिया के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें जापान ने शानदार संयम और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे स्थान के लिए मलेशिया और दक्षिण कोरिया में मुकाबला
टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत और जापान के बीच गुरुवार शाम 7 बजे भिड़ंत होगी। वहीं तीसरे और चौथे स्थान के लिए मलेशिया तथा दक्षिण कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी।
इससे पहले पांचवें और छठे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में चीन ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया।
अब सभी की निगाहें भारत और जापान के बीच होने वाले फाइनल पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम घरेलू मैदान पर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।






