बीजिंग, 10 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): चीन के ताइयुआन शहर में एक 40 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत की चौथी मंजिल के पास लगी और देखते ही देखते आठवीं व नौवीं मंजिल तक फैल गई। इन मंजिलों पर एक होटल भी संचालित था। इमारत का इस्तेमाल व्यावसायिक और आवासीय दोनों उद्देश्यों के लिए किया जाता था। यहां होटल, किराये के अपार्टमेंट, कार्यक्रम स्थल और कोचिंग सेंटर मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्रेनों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार है।







