बॉलीवुड, 10 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): अभिनेत्री नीतू कपूर ने अपने फिल्मी करियर और निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। हाल ही में ‘कर्ली टेल्स’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि महज 15 साल की उम्र तक उनके पास करीब पांच प्रॉपर्टी और एक मर्सिडीज कार थी। आठवीं कक्षा में ही उन्हें मुख्य भूमिकाओं के ऑफर मिलने लगे थे, जिसके चलते उनकी पढ़ाई छूट गई।
नीतू ने बताया कि उन्होंने किसी एक्टिंग स्कूल या डांस संस्थान से प्रशिक्षण नहीं लिया। अभिनेत्री वैजयंतीमाला से उन्होंने डांस सीखा था और बाल कलाकार के रूप में ‘दो कन्या’ तथा ‘घर घर की कहानी’ से शुरुआत की थी।
नीतू के मुताबिक, 21 साल की उम्र में शादी के बाद फिल्में छोड़ने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया था। वह लगातार काम करने के बाद सामान्य जीवन जीना चाहती थीं। हालांकि, पति ऋषि कपूर के निधन के बाद अकेलेपन के चलते उन्होंने दोबारा अभिनय की दुनिया में वापसी की।







