गुवाहाटी, 11 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सरांग एक्सप्रेस के इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 50 यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है, हालांकि रेलवे ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने मौके पर ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतरे देखे। उसने आशंका जताई कि ब्रेक में खराबी हादसे की वजह हो सकती है, हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। स्थानीय लोगों ने रेलवे से घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले गुजरात में मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरने और तमिलनाडु में बिना इंजन के सात खाली डिब्बों के करीब छह किलोमीटर तक चलने के बाद पटरी से उतरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।







