केदारनाथ, 11 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भाई दूज के पावन अवसर पर धार्मिक विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के बाद शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब अगले छह महीने तक भगवान केदारनाथ की पूजा उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सूत्रों के अनुसार, ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए बंद किए गए। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया तड़के चार बजे से शुरू हुई। इस दौरान केदारपुरी में श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ बाबा केदार को विदाई दी।
कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, समिति के अन्य पदाधिकारी, बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक समारोह के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार रात डोली रामपुर में विश्राम करेगी। इसके बाद 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को अपने शीतकालीन पूजा स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। अगले छह महीने तक बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
अगले वर्ष अप्रैल-मई में फिर खुलेंगे कपाट
केदारनाथ मंदिर के कपाट अगले वर्ष अप्रैल-मई में श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोले जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि और शुभ मुहूर्त की घोषणा महाशिवरात्रि के अवसर पर की जाएगी।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष 10 नवंबर की शाम सात बजे तक 19.22 लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके थे। शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया है।







