फतेहगढ़ साहिब, 12 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज जोर देकर कहा कि वर्ष 2027 में पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार दोबारा बननी चाहिए, ताकि राज्य के विकास की गति लगातार जारी रह सके। उन्होंने अपनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के विकास पर केंद्रित नीतियों की तुलना कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा की दशकों की उपेक्षा से की। पूरे पंजाब को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य बीमा और महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने बिजली की तारों को भूमिगत करके पंजाब को बिजली के खंभों से मुक्त बनाने का अपना सपना भी साझा किया।
बार-बार राजनीतिक पार्टियां बदलने वाले नेताओं पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें ‘गिरगिट’ करार दिया और पंजाब के लोगों को राजनीतिक लाभ के लिए अपनी निष्ठा बदलने वाले अवसरवादी नेताओं से सावधान रहने की अपील की। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारी सरकार के पास पंजाब का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए इच्छाशक्ति और नेक नीयत दोनों हैं। विकास और जनकल्याण के लिए धन की कोई कमी नहीं है। हमने पूरे राज्य में विकास कार्यों को गति दी है और जनता के पूर्ण सहयोग से इस प्रगति को और तेज करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”
पूरे राज्य को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरे लिए पूरा पंजाब एक परिवार है। हमारी सरकार कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। चाहे मुफ्त बिजली हो, स्वास्थ्य सेवाएं हों, महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता हो, शिक्षा हो या रोजगार, हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।” फतेहगढ़ साहिब में आगामी शहीदी सभा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर माथा टेकने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए हमारी सरकार व्यापक प्रबंध करेगी। इसी पवित्र भूमि पर साहिबजादा जोरावर सिंह जी, साहिबजादा फतेह सिंह जी और माता गुजरी जी ने शहादत प्राप्त की थी। हम सुनिश्चित करेंगे कि शहीदी सभा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। हर वर्ष की तरह मैं स्वयं सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करूंगा।”
कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ये परंपरागत राजनीतिक पार्टियां राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो चुकी हैं और पंजाब के लोगों द्वारा बार-बार नकारी जा चुकी हैं। दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद ये आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रहीं। इनका एकमात्र उद्देश्य अपने निजी राजनीतिक हितों के लिए पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल करना और लोगों की मेहनत की कमाई को लूटना था।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा लोगों का विश्वास खो चुकी हैं, क्योंकि इनकी सरकारें पंजाब के हितों की रक्षा करने में असफल रही हैं। इन्हें पंजाबियों की भलाई से ज्यादा अपनी राजनीतिक सत्ता की चिंता थी। लोग इनका पिछला रिकॉर्ड नहीं भूले हैं और वर्ष 2027 में इतिहास एक बार फिर दोहराया जाएगा, जब इन पार्टियों को दोबारा नकार दिया जाएगा।”
चुनाव से पहले बार-बार राजनीतिक पार्टियां बदलने वाले नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “इन राजनीतिक दल-बदलुओं ने इतनी तेजी से रंग बदले हैं कि गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाएं। ऐसे नेताओं की किसी विचारधारा या जनकल्याण के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं होती। उनका एकमात्र उद्देश्य राजनीतिक सत्ता हासिल करना और पैसे की भूख मिटाना है। पंजाब के लोग इनकी अवसरवादी राजनीति को समझते हैं और इन्हें उचित जवाब देंगे।” अकाली नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “जो अकाली नेता कभी तख्त श्री हजूर साहिब, तख्त श्री पटना साहिब, दिल्ली और हरियाणा में सिख मामलों में हस्तक्षेप के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते थे, आज वही भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए बेचैन हैं। ऐसे नेताओं से लोग क्या उम्मीद कर सकते हैं, जो केवल राजनीतिक सत्ता दोबारा हासिल करने के लिए अपने ही दावों से समझौता करने को तैयार हैं?”
मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि अकाली दल और भाजपा दोबारा हाथ मिलाते हैं, तो पंजाब के लोग चुनावों में दोनों पार्टियों को नकारकर करारा जवाब देंगे। पंजाबी अच्छी तरह जानते हैं कि सत्ता में रहते हुए इन पार्टियों ने राज्य के साथ कैसा व्यवहार किया था और वे पंजाब के हितों से दोबारा समझौता नहीं होने देंगे।” पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की प्रस्तावित साइकिल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “चरणजीत सिंह चन्नी की प्रस्तावित साइकिल यात्रा पंजाब के लिए किसी सार्थक एजेंडे के बिना महज एक राजनीतिक ड्रामा है। कांग्रेस के नेता भी इस यात्रा का समर्थन नहीं कर रहे, क्योंकि वे जानते हैं कि इससे राज्य या उसके लोगों की भलाई में कोई योगदान नहीं होगा। पूर्व मुख्यमंत्री दावा करते हैं कि वे सब कुछ कर सकते हैं, लेकिन उनका रिकॉर्ड कुछ और ही कहानी बयां करता है।”
सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र
अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने पूरी तरह पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को 71,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। इसके अलावा, पंजाब में आए निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के 6 लाख से अधिक अवसर पैदा हुए हैं। हमारा उद्देश्य पंजाब में ही युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अच्छे भविष्य की तलाश में अपनी मातृभूमि छोड़कर बाहर न जाना पड़े।” उन्होंने आगे कहा, “पिछली सरकारों ने भी वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें भुला दिया। इसके विपरीत, हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करने में विश्वास रखते हैं। हमारा ध्यान रोजगार के अवसर पैदा करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, खेलों के बुनियादी ढांचे, ग्रामीण विकास और जनकल्याण पर केंद्रित है। हम चाहते हैं कि विकास का लाभ हर घर और हर गांव तक पहुंचे।” जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मैं लोगों का विश्वास और सहयोग मांगता हूं, क्योंकि मैं उनकी सेवा करना चाहता हूं। मेरी ताकत पंजाब के लोगों से आती है, न कि सत्ता के किसी पद से। जब तक मुझे उनका सहयोग मिलता रहेगा, मैं उनके अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए काम करता रहूंगा।” मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकारी खजाने का एक-एक पैसा जनता का है और इसे उनकी भलाई पर ही खर्च किया जाना चाहिए। हम करदाताओं के पैसे को बेहतर स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के रूप में लोगों तक वापस पहुंचा रहे हैं। हमारी सरकार समृद्ध, समानतापूर्ण और भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मिल रही मुफ्त बिजली
बिजली क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है, जबकि किसानों को अब दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। पिछली सरकारों के दौरान किसानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार ने इस दिशा में बड़ा बदलाव किया है। हमने टोल प्लाजा भी बंद करवाए हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है।” मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के बारे में बोलते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारी सरकार ने एक व्यापक स्वास्थ्य योजना शुरू की है, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को हर साल 10 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा उपचार उपलब्ध करवाया जाता है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब के किसी भी परिवार को चिकित्सा खर्चों के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच मिलनी चाहिए, चाहे उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो।” मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब ने सभी लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक परिवार बिना किसी आर्थिक बोझ की चिंता किए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपचार प्राप्त कर सके। इस योजना से आम लोगों को काफी राहत मिली है।”
‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता
‘मावां-धियां सत्कार योजना’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह सम्मान राशि दी जा रही है। यह वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है और लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन पर इसकी सूचना भी मिल रही है।” उन्होंने आगे कहा, “जो महिलाएं पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही हैं, वे भी इस सहायता के लिए पात्र हैं। हमारी सरकार महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और उनके सम्मान को मजबूत करने में विश्वास रखती है। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि बिना किसी अनावश्यक शर्त या भेदभाव के यह लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंचे।”
सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने पास की NEET परीक्षा
शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “कोई भी मुफ्त सुविधा या रियायत गरीबी और सामाजिक असमानताओं को स्थायी रूप से समाप्त नहीं कर सकती। शिक्षा ही इस बदलाव का वास्तविक माध्यम है, क्योंकि यह लोगों को अपना जीवन स्तर सुधारने और गरीबी के चक्र को तोड़ने में सक्षम बनाती है। यही कारण है कि हमारी सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।” सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2021 में पंजाब के सरकारी स्कूलों के केवल 80 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा पास की थी। वर्ष 2026 में यह संख्या 11 गुना से अधिक बढ़कर 882 हो गई है। ये परिणाम शिक्षा में निवेश करने वाली हमारी सरकार और उन पिछली सरकारों के बीच अंतर को स्पष्ट करते हैं, जिन्होंने कभी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य के बारे में नहीं सोचा।”
1,587 गांवों तक पहुंचा नहरी पानी
सिंचाई व्यवस्था के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब के इतिहास में पहली बार 1,587 ऐसे गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचा है, जहां पहले कभी नहरी सिंचाई की सुविधा नहीं थी। हमारी सरकार ने नहरी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, ताकि प्रत्येक किसान के खेत तक पानी पहुंचाया जा सके।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, “जब हमारी सरकार ने कार्यभार संभाला था, तब केवल 26 प्रतिशत कृषि क्षेत्र नहरी सिंचाई के अंतर्गत आता था। आज यह बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। वर्ष 2022 में नहरी पानी केवल 20.89 लाख एकड़ क्षेत्र तक पहुंचता था, जबकि अब यह दायरा बढ़कर 60.30 लाख एकड़ हो गया है। यह बदलाव पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों के लिए बेहतर सिंचाई सुविधाएं सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
45 हजार किलोमीटर सड़कों का होगा नवीनीकरण
बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार पूरे राज्य में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण और अपग्रेडेशन कर रही है। राज्य के विकास के लिए गांवों का विकसित होना बेहद जरूरी है। इसलिए हम गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुदान भी दे रहे हैं।”
युवाओं के लिए 1,000 खेल मैदान समर्पित, 3,100 स्टेडियम तैयार किए जा रहे
खेलों को प्रोत्साहित करने और नशों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने पंजाब के युवाओं को 1,000 खेल मैदान समर्पित किए हैं और पूरे राज्य में 3,100 खेल स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना, उन्हें खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना और नशों की बुराई से दूर रखना है।” उन्होंने आगे कहा, “पंजाब के युवाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता है। उन्हें खेलों और अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा, अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करना हमारी प्रमुख जिम्मेदारी है। गांवों में खेल सुविधाओं को मजबूत करके हम अगली पीढ़ी के लिए स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।” अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारे द्वारा लिए जाने वाले फैसले हमेशा राज्य के लोगों के हित में होंगे। हम एक समृद्ध, समानतापूर्ण और भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करते रहेंगे। लोगों के लगातार सहयोग से हम पंजाब के विकास की गति को और तेज करना सुनिश्चित करेंगे।” इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सोंद और हरदीप सिंह मुंडियां सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।







