Friday, November 20, 2026
HomeNationalदेहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ बना नया आकर्षण, सी.एम. धामी ने...

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ बना नया आकर्षण, सी.एम. धामी ने किया बाड़े का उद्घाटन

देहरादून, 19 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का उद्घाटन कर उसे पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल बताते हुए धामी ने कहा कि यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे 7 करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ भी लाए जा चुके हैं।

कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश की सुविधा

मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर में बच्चों के लिए पहले से लागू मुफ्त प्रवेश व्यवस्था के सकारात्मक परिणामों का उल्लेख करते हुए कॉलेज विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। साथ ही युवाओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता को संरक्षित करना सभी की साझा जिम्मेदारी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, वन विभाग के प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments