कुरुक्षेत्र, 20 नवंबर 2026 विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर राजकीय माध्यमिक विद्यालय, अर्बन एस्टेट, सेक्टर-13, कुरुक्षेत्र में विद्यार्थियों को स्वच्छ शौचालय के महत्व, शौचालय के उचित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रमुख सपना कपिल के समन्वय से किया गया।
कार्यक्रम में सी.एम.जी.जी.ए. कुरुक्षेत्र मुस्कान यादव तथा नगर परिषद थानेसर सी.टी.एल. अजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छ शौचालय केवल सुविधा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सम्मान, सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण का आधार है। शौचालयों की उचित देखभाल एवं स्वच्छता बनाए रखने से बीमारियों के प्रसार को रोकने और बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को शौचालय के सही उपयोग, फ्लश करने, पानी की बचत, शौचालय को साफ एवं व्यवस्थित रखने, कूड़ा केवल कूड़ेदान में डालने तथा शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने जैसी अच्छी आदतों के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी व्यवहारों को नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ‘स्वच्छ शौचालय’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व को समझने और उसे अपनी अभिव्यक्ति से दूसरों तक पहुंचाने का अवसर दिया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छ शौचालयों का उपयोग करने, उन्हें साफ रखने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की शपथ के साथ हुआ। इस पहल के माध्यम से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने और स्वच्छ विद्यालय एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।







