कैबिनेट मंत्री ने गांव खनाल खुर्द में स्टेडियम बनाने की घोषणा की
दिड़बा, 27 मई 2026: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि खेल जहां युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं और उन्हें नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हैं, वहीं एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह गांव खनाल खुर्द में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे थे।
गांव की पंचायत के सहयोग से बाबा वरियाम सिंह स्पोर्ट्स क्लब द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशाल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा विशेष मुख्य अतिथि के रूप में टूर्नामेंट में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मानव जीवन का अहम हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से ही स्वस्थ समाज की नींव रखी जाती है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद पंजाब के युवा खेल मैदानों में पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे यह साबित होता है कि पंजाब के युवाओं में ऊर्जा और जज्बा भरपूर है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे के नाम पर बदनाम करने वालों को ऐसे टूर्नामेंट करारा जवाब देते हैं। पंजाब का युवा जहां देश की सीमाओं की रक्षा करता है, खेतों में अन्न पैदा करता है, वहीं खेल के मैदान में उतरकर विरोधी टीमों को भी कड़ी चुनौती देता है।
गांव में स्टेडियम बनाने का ऐलान
खिलाड़ियों और गांववासियों की मांग पर हरपाल सिंह चीमा ने गांव खनाल खुर्द में एक स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पंचायत जैसे ही स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध करवाएगी, उसी समय निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की खेल नीति के तहत राज्य में करीब 3000 स्टेडियम बनाए जा चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने 6000 और स्टेडियम बनाने का लक्ष्य रखा है।
खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दो दिन पहले सैकड़ों खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड देकर सम्मानित किया है। इसके साथ ही कई खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर उनका सम्मान बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जो खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने से पहले ही आर्थिक सहायता उपलब्ध करवा रही है।
गांव के सरपंच सतनाम सिंह ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी गांव के विकास के लिए कई ग्रांटें दी हैं और अब स्टेडियम की मांग पूरी कर गांववासियों का मान बढ़ाया है।
इस अवसर पर गांव के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य, क्लब सदस्य और क्षेत्र के खिलाड़ी मौजूद रहे।