कहा, केंद्र सरकार महंगाई कम करने की बजाय जनता से वसूली करने में जुटी
फतेहाबाद, 29 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : कांग्रेस फतेहाबाद जिला अध्यक्ष अरविन्द शर्मा ने केंद्र सरकार पर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की लूटमार और जेबकतरी की आदत अब देश की जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आने के बावजूद सरकार आम लोगों को राहत देने के बजाय उनकी बचत पर लगातार नकेल कस रही है। अरविन्द शर्मा ने कहा कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध अपने चरम पर था, उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 138 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। उस समय देश में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था। लेकिन आज जबकि कच्चे तेल की कीमत घटकर 70.71 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल रह गई है, तब भी केंद्र सरकार पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बेच रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब कच्चा तेल लगभग आधे दाम पर आ चुका है तो जनता को उसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पश्चिम एशिया में युद्ध का हवाला देकर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी थी। अब जबकि सप्लाई सामान्य हो चुकी है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां भी पहले जैसी नहीं हैं, तब कमर्शियल एलपीजी के दामों में कटौती क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों को एक पैसे की भी राहत देने को तैयार नहीं है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केवल कमर्शियल गैस ही नहीं, बल्कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर, प्रवासी मजदूरों और छोटे कारोबारियों के उपयोग में आने वाले 5 किलो वाले गैस सिलेंडर तथा सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी की गई है। अब जब हालात सामान्य हो चुके हैं तो आखिर इनकी कीमतें कम करने में केंद्र सरकार के हाथ क्यों कांप रहे हैं।
अरविन्द शर्मा ने कहा कि जब कच्चा तेल महंगा था तब भी देश की जनता ने महंगाई का बोझ उठाया और अब जब कच्चा तेल सस्ता हो चुका है तब भी आम आदमी राहत से वंचित है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार के लिए जनता केवल टैक्स वसूली का माध्यम बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर परिवहन, खेती, उद्योग, व्यापार और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर पड़ता है, जिससे महंगाई बढ़ती है और आम परिवार का बजट पूरी तरह बिगड़ जाता है। केंद्र सरकार को चाहिए कि वह पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की कीमतों में तत्काल कमी कर आम जनता को राहत प्रदान करे। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।






