सैनिटरी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक, घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के दिए निर्देश
पटियाला, 2 जुलाई,2026: शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया ने आज नगर निगम के सैनिटरी विभाग के सैनिटरी इंस्पेक्टरों, कम्युनिटी फैसिलिटेटरों और मोटिवेटरों के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि स्वच्छ शहर हर नागरिक का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सैनिटरी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करें तथा जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई दे, उसका तुरंत समाधान किया जाए।
बैठक के दौरान घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने के संबंध में भी विशेष जोर दिया गया। मेयर ने कहा कि जब तक लोगों की सहभागिता नहीं होगी, तब तक स्वच्छता अभियान को पूर्ण सफलता नहीं मिल सकती।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सफाई करवाना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना भी है। इसके लिए सैनिटरी विभाग की टीमें प्रत्येक वार्ड में लोगों से सीधे संपर्क कर उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करेंगी।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नगर निगम पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझते हुए नगर निगम का पूरा सहयोग करें, ताकि पटियाला को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श शहर बनाया जा सके।
फोटो कैप्शन: बैठक के दौरान सैनिटरी विभाग के सैनिटरी इंस्पेक्टरों, कम्युनिटी फैसिलिटेटरों और मोटिवेटरों के साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मेयर कुंदन गोगिया।






