पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता : मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 2 जुलाई,2026 : नगर निगम पटियाला कार्यालय में आज मेयर कुंदन गोगिया के नेतृत्व में ‘मावां-धीयां सतिकारयोग योजना’ के तहत लंबित रह गए आवेदनों को भरने के लिए एक विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं के आवेदन पत्र भरे गए तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर उनकी आवेदन प्रक्रिया पूरी की गई।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के आवेदन किसी कारणवश लंबित रह गए थे, उन्हें ध्यान में रखते हुए यह विशेष शिविर लगाया गया है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लाभार्थियों को आवेदन भरने, दस्तावेजों की जांच तथा अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर पूरा सहयोग दिया।
मेयर गोगिया ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिविर में पहुंची महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने से उनका समय और खर्च दोनों बचे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
फोटो कैप्शन : शिविर के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया।






