गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं मतदाता सूची के युक्तिकरण पर हुई चर्चा
संगरूर, 2 जुलाई, 2026: पंजाब राज्य में चल रही मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के तहत निर्धारित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा के लिए जिला संगरूर के अंतर्गत आने वाले पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों-सह-उपमंडल मजिस्ट्रेटों के साथ उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी, संगरूर श्रीमती पूनमदीप कौर ने जिला प्रशासनिक परिसर, संगरूर में समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मतदाताओं द्वारा भरे जाने वाले गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा मतदाता सूची के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) संबंधी कार्यों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को गणना प्रपत्र भरवाने, उन्हें एकत्र करने तथा उनके डिजिटलीकरण के दौरान आ रही समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस महत्वपूर्ण समयबद्ध प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए गठित विभिन्न टीमों में कार्यों के विभाजन तथा उनके बीच समन्वय की भी समीक्षा की।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, संगरूर अंकुर महेंद्रू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।