ऑकलैंड, 11 जुलाई, 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय प्रवासियों के ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत अभूतपूर्व गति से विकास कर रहा है और दुनिया को विकास का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के माध्यम से हर महीने अरबों डिजिटल लेन-देन हो रहे हैं, जबकि ड्रोन तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी भारत नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
मोदी ने कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड के संबंध साझा मूल्यों, स्थायी मित्रता और आपसी विश्वास पर आधारित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता दोनों अर्थव्यवस्थाओं को नई गति देगा और कारोबार के नए अवसर पैदा करेगा।
कार्यक्रम में न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने “मोदी-मोदी” के नारों के साथ प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूज़ीलैंड पहुंचे हैं। वह पिछले 40 वर्षों में न्यूज़ीलैंड का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इस अवसर पर उन्होंने करीब 25-30 वर्ष पहले न्यूज़ीलैंड यात्रा के दौरान उपहार में मिला एक मफलर भी लोगों को दिखाया और उससे जुड़ी यादें साझा कीं।






