पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना मानवाधिकार आयोग की प्राथमिकता : शंटी
नाभा/पटियाला, 11 जुलाई, 2026 : पंजाब राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग (पीएसएचआरसी) के सदस्य पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी ने आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), नाभा में मानवाधिकार जागरूकता शिविर, ‘युद्ध नशों के विरुद्ध‘ जागरूकता अभियान तथा लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए खुली जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी ने कहा कि मानवाधिकार आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना, लोगों में जागरूकता फैलाना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आयोग अपनी पहुंच राज्य के हर घर तक सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
पद्मश्री शंटी ने फर्जी वीजा, नकली ऑफर लेटर, फर्जी विवाह तथा विदेश भेजने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कहते हुए लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों की जानकारी आयोग और प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि ऐसे ठगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने नाभा प्रशासन द्वारा जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की शिकायतों के निपटारे में और अधिक संवेदनशील एवं सतर्क रहें। साथ ही सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की भूमिका की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन से उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समाज सेवा के कार्यों को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पद्मश्री शंटी ने आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 112 पर प्राप्त गंभीर मामलों, विशेषकर जीवन-मृत्यु से जूझ रहे मरीजों के मामलों में पुलिस द्वारा एंबुलेंस को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए पायलट वाहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकें।
उन्होंने मानवाधिकार उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए आयोग का व्हाट्सएप नंबर 9855475547 जारी करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी लिखित शिकायत इस नंबर पर भेज सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर दो दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन होता है तो वे बिना किसी भय के आयोग से संपर्क करें।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक कर मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा मौके पर पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ए.पी.एस. सोमल, ईओ गुरचरण सिंह, डीएसपी गुरिंदर सिंह बल्ल, डीएसपी जेल हरप्रीत सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदर सिंह टिवाना, बीडीपीओ, डाइट के प्राचार्य संदीप नागर, कोर ग्रुप के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






