ऑस्ट्रेलिया, 27 जुलाई 2026 (दीपक दत्ता): गुरुद्वारा दशमेश दरबार जो वर्जीनिया के उपनगर में स्थित है, बीती रात भीषण आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में रात करीब 9:40 बजे आग लगी थी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। कंट्री फायर सर्विस ने आग पर काबू पाने के लिए लगभग 60 फायरफाइटर्स और 20 दमकल वाहनों को तैनात किया। पानी की कमी के कारण राहत और बचाव अभियान में कुछ परेशानी आई, लेकिन करीब 3 से 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
स्थानीय निवासियों और संगत के अनुसार, आग के दौरान छत का एक बड़ा हिस्सा गिरकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप पर आ गया। दमकल कर्मियों ने छत के गिरे हुए हिस्से को हटाने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि यह गुरुद्वारा ओल्ड पोर्ट वेकफील्ड रोड पर स्थित एक बड़ी औद्योगिक इमारत के अंदर बनाया गया था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।






