चंडीगढ़, 27 जुलाई 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): अफ्रीकी देश माली में अगवा किए गए एक भारतीय हीरा कारोबारी को 44 करोड़ रुपये की फिरौती देने के बाद तीन महीने बाद मुक्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह कारोबारी गुजरात के अमरेली जिले के धार गांव का रहने वाला है। वह वर्ष 1980 से हीरा कारोबार से जुड़ा हुआ था। बाद में उसका परिवार अमेरिका में जाकर बस गया।
रिपोर्ट के अनुसार, कारोबारी ने माली में सोने की एक खदान खरीदी थी। उसे अप्रैल महीने में कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। करीब तीन महीने तक बंधक बनाए रखने के बाद परिवार द्वारा फिरौती की रकम अदा किए जाने पर उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ताओं ने शुरुआत में 100 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। इसके बाद परिवार ने उनसे बातचीत की और कारोबारी की रिहाई के लिए 44 करोड़ रुपये की रकम का भुगतान किया।






