हरियाणा,1अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के भिवानी जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची महिला एथलीट सीमा सांगवान ने डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया और देश की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सीमा सांगवान को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतरीन खेल भावना के दम पर डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल हरियाणा बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की अन्य युवा महिला खिलाड़ियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। आज प्रदेश के युवा खिलाड़ी हर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसका श्रेय खिलाड़ियों की अथक मेहनत और राज्य सरकार की खेल हितैषी नीतियों को जाता है।






