संगरूर, 2 अगस्त,2026 (बलजीत सरना): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है। इसी कड़ी में संगरूर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नरेंद्र कौर भराज ने लगभग 1.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़क विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र कौर भराज ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर बुनियादी ढांचा, आधुनिक शहरी सुविधाएं और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से किए जा रहे विकास कार्यों के माध्यम से संगरूर शहर और आसपास के क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए अफसर कॉलोनी डी-1 ब्लॉक से मंगवाल ड्रेन तक 66.09 लाख रुपये की लागत से नई सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा। इसके अलावा रणबीर कॉलेज से सुनामी गेट तक 56.28 लाख रुपये की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया है।
विधायक ने कहा कि यह सड़क शहर की प्रमुख यातायात कड़ी है, जिसके नवीनीकरण से विद्यार्थियों, राहगीरों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। वहीं, स्पार्टन जिम से गुरुद्वारा श्री दशहरा बाग साहिब तक 15.79 लाख रुपये की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य भी शुरू किए गए हैं। विधायक नरेंद्र कौर भराज ने कहा कि पंजाब सरकार विकास कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि संगरूर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहरी इलाके में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कई नए विकास प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। इस मौके पर प्रधान भूपिंदर नाहिल, प्रधान अवतार सिंह तारी, पंकज गर्ग, एमसी जगतीत काला, एमसी कृष्ण लाल विक्की, सुखविंदर मान, रॉकी, पारस, अमन सेखूपुरा, खुशविंदर चिड़ी कोच, विनोद शर्मा, नोनी, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






