फतेहाबाद, 5 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत बुधवार को पवित्र माटी कलश यात्रा का फतेहाबाद जिले में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। यात्रा के जिले में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा, जयघोष और पारंपरिक स्वागत के साथ इसका अभिनंदन किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा के नेतृत्व में यह यात्रा बुधवार सुबह अग्रोहा धाम से रवाना हुई और फतेहाबाद जिले के गांव भोडा होशनाक से जिले की सीमा में प्रवेश किया। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा जिले के विभिन्न गांवों से होते हुए फतेहाबाद पहुंची, जहां श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर संत गुरु रविदास जी के समानता, समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को समानता, मानव सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। पवित्र माटी कलश यात्रा समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. रविंद्र बलियाला ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का जनअभियान है। इसके माध्यम से संत गुरु रविदास जी का संदेश जिले के प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक दूड़ाराम ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनका संदेश जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संतों और महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता द्वारा प्रदान किए गए पवित्र माटी कलश को सम्मानपूर्वक फतेहाबाद लाया गया है। इस पवित्र माटी को फतेहाबाद के दुर्गा मंदिर में स्थापित किया गया है। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में इसे 12 कलशों में विभाजित कर जिले के सभी 12 मंडलों में भेजा जाएगा। वहां से ये कलश प्रत्येक गांव तक पहुंचाए जाएंगे, ताकि संत गुरु रविदास जी का समरसता का संदेश पूरे जिले में प्रसारित हो सके।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और संत गुरु रविदास जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं ने भी यात्रा का स्वागत कर अभियान को समर्थन दिया। इस अवसर पर चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, चेयरमैन राजपाल बैनीवाल, जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास ललोदा, चंद्रप्रकाश बोस्ती, अवतार मोंगा, जगदीप मोंगा, धनंजय अग्रवाल, जगदीश शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन श्रीमती सुमन खिचड़, नगर परिषद वाइस चेयरमैन श्रीमती सविता टुटेजा, इन्द्र गावड़ी, निर्मल सिंह, रामकुमार मेहरा सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







