फतेहाबाद,5 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता वेद फूलां को पार्टी का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किए जाने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही उनके प्रतिष्ठान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई तथा फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अनेक समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भी वेद फूलां को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा तथा संगठन पहले से अधिक मजबूत होगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने कहा कि वेद फूलां मृदुभाषी, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने हमेशा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में पार्टी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
वेद फूलां इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वे सिरसा जिले के प्रभारी के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संगठन में लंबे अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ के कारण उन्हें प्रदेश महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। समर्थकों ने विश्वास व्यक्त किया कि वेद फूलां अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।






