7 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): पंजाब में मौसम एक बार फिर बदलता हुआ नज़र आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से समान्य बारिश होने की संभावना है। दूसरी और चंडीगढ़ में दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर में बारिश और आंधी-तूफान के दौरान होने वाली बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली के कड़कने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस श्री आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड किया गया। जबकि, इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
सबसे ज्यादा वर्षा 18 मिमी होशियारपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा लुधियाना में 11.5 मिमी, फतेहगढ़ साहिब में 11 मिमी, चंडीगढ़ में 10.7 मिमी, लुधियाना शहर में 5.4 मिमी, भाखड़ा क्षेत्र में 5 मिमी, आनंदपुर साहिब में 0.5 मिमी और पटियाला में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अतिरिक्त अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, संगरूर और तरनतारन समेत कई जिलों में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विज्ञान निदेशक के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ फिरोजपुर के ऊपर से गुजर रही है और दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में एक गैर-मानसूनी तूफानी प्रणाली भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले सात दिनों तक पंजाब में मौसम अस्थिर बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है और लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है।






