7 अगस्त,2026 (विशाल गुप्ता): कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर Gen-Z और छात्रों के साथ हुए ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान अपने पसंदीदा भाजपा नेता के नाम का खुलासा किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और उन्हें प्यार से “अंकल अमरिंदर” कहकर संबोधित किया। राहुल गांधी के इस जवाब ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे और पंजाब के मुख्यमंत्री भी बने। बाद में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई और इसके बाद भाजपा में शामिल हो गए।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले भी राहुल गांधी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने बताया था कि राहुल गांधी ने उनके जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं और उनके भाई राजा रणधीर सिंह के निधन पर भी संवेदना व्यक्त की थी। अमरिंदर सिंह ने यह भी कहा था कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद राहुल गांधी के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध बने हुए हैं।
राहुल गांधी द्वारा कैप्टन अमरिंदर सिंह को “अंकल” कहने के पीछे गांधी परिवार और पटियाला शाही परिवार के पुराने रिश्ते भी जुड़े हैं। अमरिंदर सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी देहरादून के दून स्कूल में साथ पढ़े थे और दोनों के बीच करीबी दोस्ती थी। बताया जाता है कि राजीव गांधी के आग्रह पर ही अमरिंदर सिंह ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। साल 1980 में वह कांग्रेस के टिकट पर पहली बार लोकसभा पहुंचे थे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह और राहुल गांधी वर्तमान में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं, लेकिन दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। यही वजह है कि राहुल गांधी का यह बयान राजनीतिक मतभेदों से अलग निजी रिश्तों की ओर इशारा करता है। इस बयान के बाद एक बार फिर पंजाब की राजनीति और गांधी परिवार व कैप्टन अमरिंदर सिंह के पुराने संबंध चर्चा में आ गए हैं।






