10अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के जिला पटियाला स्थित समाना की पवित्र धरती पर आयोजित गौ कथा और गौ माता की सेवा का यह पवित्र कार्यक्रम भारत की महान आध्यात्मिक और सनातन परंपरा के भविष्य का साक्षी है। हिंद की चादर, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित यह समारोह हमारी आस्था, सेवा-परंपरा और साझा सांस्कृतिक विरासत का एक अद्भुत और बेमिसाल संगम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का गौ सेवा समिति, एडवोकेट एसोसिएशन और कई अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर स्वागत भी किया गया।
गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐतिहासिक कदम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में केवल 200 गौशालाएं थीं और उनका वार्षिक बजट मात्र 2 करोड़ रुपये था। वर्तमान सरकार की प्राथमिकताओं के परिणामस्वरूप आज प्रदेश में गौशालाओं की संख्या बढ़कर 650 हो चुकी है, जबकि इनका बजट बढ़ाकर रिकॉर्ड 600 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इन गौशालाओं में वर्तमान समय में 4 लाख से अधिक बेसहारा गौवंश का पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ पालन-पोषण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गौवंश को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रदेश की 350 गौशालाओं में विशाल शेड और सौर ऊर्जा (सोलर) प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, गौ संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई गौशालाओं की स्थापना के लिए जमीन की रजिस्ट्री पर लगने वाली 1 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
खेल संस्कृति, युवा शक्ति और नशा मुक्ति अभियान
मुख्यमंत्री ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर जोर देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए एक व्यापक और बड़ी मुहिम चला रखी है। नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पंजाब सरकार की अनदेखी के कारण यहां का युवा नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है, जबकि हरियाणा में युवाओं को मैदानों से जोड़ने के लिए 2000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 40 लाख युवा अभ्यास करते हैं।
इस खेल नीति का परिणाम है कि हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत द्वारा जीते गए कुल 39 पदकों (13 गोल्ड) में से अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने 7 गोल्ड मेडल हासिल किए। यह गर्व की बात है कि इन 7 स्वर्ण पदकों में से 5 पदक हरियाणा की बेटियों ने अपने नाम करके देश और प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और पारदर्शी सुशासन
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। सड़क और रेल कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं और रिकॉर्ड संख्या में नए मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईआईटी और आईआईएम खोले गए हैं।
हरियाणा का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य के 22 में से 17 जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं। वर्ष 2014 से पहले हरियाणा को प्रति वर्ष केवल 500 डॉक्टर मिलते थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 3000 प्रति वर्ष हो गई है। इसके साथ ही, हरियाणा में युवाओं को बिना किसी खर्ची-पर्ची के पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं, जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में युवाओं के साथ नौकरियों के वितरण में लगातार भेदभाव किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वामी राजेश्वरानंद महाराज, हरमेश गोयल, नीरज जिंदल, राजेश जिंदल, एडवोकेट बलबीर सिंह, जितेंद्र, जसपाल सहित कई संस्थागत प्रतिनिधि, धार्मिक गुरु और गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद थे।






