Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaएच.बी.पी.ई. से संबंधित बोर्डों और संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने...

एच.बी.पी.ई. से संबंधित बोर्डों और संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर

13 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा बोर्ड ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज (एच.बी.पी.ई.) के चेयरमैन श्री मोहन लाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं। सभी बोर्डों और संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार के विकास और जनकल्याण के एजेंडे को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी बोर्डो और संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

श्री मोहन लाल कौशिक आज हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में एचबीपीई से संबंधित बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों, सोसायटियों और संस्थाओं के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, एमडी, सीए और प्रमुख अधिकारियों के साथ आयोजित परिचयात्मक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न संस्थाओं की कार्यप्रणाली, विभाग के लक्ष्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश

श्री कौशिक ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब पात्र लोगों को उनकी जानकारी हो और वे उनका लाभ उठा सकें। इसलिए प्रत्येक बोर्ड और संस्था अपने स्तर पर योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की प्रभावी जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की व्यवस्था करे। उन्होंने कार्यालयों में डिस्प्ले बोर्ड लगाने, वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर संबंधित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

उन्होंने बोर्डों के अध्यक्षों और अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनता के लिए पर्याप्त समय निकालें, उनकी समस्याओं को सुनें और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका समाधान सुनिश्चित करें।

श्री कौशिक ने कहा कि नए विचारों, बेहतर कार्यप्रणाली और मजबूत टीमवर्क के साथ सभी संस्थाएं अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एचबीपीई से संबंधित सभी बोर्ड और संस्थाएं अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में प्रभावी योगदान देंगी।

बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती ने कहा कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और परिणामोन्मुखी बनाया जाए। स्टाफ की कमी अथवा अन्य प्रशासनिक समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी बोर्डों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि आपसी सहयोग से कार्यों को गति देने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को भी दूर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बोर्ड और संस्था को अपने कार्यों के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उनके अनुसार समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और परिणामों की नियमित समीक्षा भी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की स्थिति की भी नियमित समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जो घोषणाएं अभी पूरी की जानी बाकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समन्वय से आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन श्री वेदपाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी बोर्डों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए सभी संस्थाएं आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ काम करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बोर्ड और संस्थाएं मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप मिलकर कार्य करते हुए प्रदेश के विकास को और गति देंगी।

बैठक में विभिन्न बोर्डों और संस्थाओं के चेयरमैनों ने अपने-अपने संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, कार्ययोजनाओं और सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी तथा सुझाव साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को गति देने और श्री मोहन लाल कौशिक द्वारा दिए गए निर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments