13 अगस्त 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब में मतदाता सूचियों की विशेष गहन समीक्षा के तहत चुनाव आयोग आज मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी करने जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान करीब 20.66 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए जाएंगे, जिन्होंने गणना फॉर्म जमा नहीं किए हैं।
चुनाव विभाग के अनुसार, हटाए जाने वाले नामों में 5.74 लाख मृत मतदाता, 1.19 लाख डुप्लीकेट वोट, 9.44 लाख स्थानांतरित हो चुके मतदाता और 4.12 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनसे बार-बार संपर्क करने के प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया।
SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजाब में मतदाताओं की संख्या करीब 2.14 करोड़ से घटकर 1.93 करोड़ रहने का अनुमान है। अधिकारियों का कहना है कि सूची से हटाए जा रहे नामों में मृतक, दूसरे स्थान पर जा चुके, डुप्लीकेट तथा लंबे समय से घर पर अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं।
12 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाताओं को अपने नाम से संबंधित दावे और आपत्तियां 12 सितंबर तक दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। चुनाव अधिकारी इन दावों और आपत्तियों की जांच करेंगे।
इसके बाद पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
चुनाव विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गणना फॉर्म भरवाने के लिए कई बार प्रयास किए गए। कुछ मामलों में अधिकारियों ने संबंधित मतदाताओं के घरों के तीन-तीन चक्कर भी लगाए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ऐसे मामलों की जांच के बाद ही उनके नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए जा रहे हैं।






