रोहतक, 15 अगस्त,2026: सोनीपत से विधायक निखिल मदान ने कहा कि नागरिक देश के स्वतंत्रता संग्राम में सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात व अज्ञात सेनानियों एवं वीर शहीदों को हमेशा याद रखें। भारत वर्ष इन्हीं स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों की कुर्बानियों से वर्ष 1947 में अंग्रेजी शासन से आजाद हुआ।
विधायक निखिल मदान सांपला स्थित नई अनाज मंडी परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने के उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने खुली जीप में सवार होकर परेड की टुकडिय़ों का निरीक्षण किया। विधायक ने नागरिकों को 80 वें स्तंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाली तीज प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा पर्व है, जो हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व के परिणामस्वरूप वर्ष 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली।
निखिल मदान ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को विशेष रूप से नमन करते हुए कहा कि हमारे जवान विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने उन वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गत 17 जुलाई 2026 को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो। उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है। प्रमाण-पत्र, लाइसेंस और अनुमतियों से जुड़ी अनेक प्रक्रियाओं को सरल किया गया है।
इस अवसर पर परेड टुकडिय़ों ने भव्य मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। विधायक निखिल मदान व उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने इन टुकडिय़ों की सलामी ली। स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता व अखंडता की भावना से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले महानुभावों एवं समारोह के प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधायक निखिल मदान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, नगर पालिका के चेयरमैन प्रवीन कोच, मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, कपिल खत्री, राजेश बंसल, नगर पालिका के पार्षद, संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रतिभागी विद्यार्थी व टीमों के प्रभारी आदि मौजूद रहे।






