चंडीगढ़, 20 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज पंजाब के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बारिश के चलते पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.8 डिग्री रहा।
पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में बारिश के अच्छे आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ फिरोजपुर और उत्तर भारत के आसपास के क्षेत्रों से गुजर रही है, जिसके प्रभाव से पंजाब में बादल और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक 19 अगस्त को रोपड़ केवीके में 8.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। भाखड़ा डैम में 4.0 मिमी, लुधियाना में 3.4 मिमी और पठानकोट केवीके में 3.0 मिमी बारिश हुई। चंडीगढ़ में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।






